'मून ऑफ बड़ौदा' हीरे की यात्रा / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
'मून ऑफ बड़ौदा' हीरे की यात्रा
प्रकाशन तिथि : 19 अक्टूबर 2018


हॉलीवुड की सितारा मर्लिन मुनरो का जीवन रोमांचक रहा और मृत्यु रहस्यमय रही। अफवाह यह भी थी कि अपनी जवानी में जॉन कैनेडी और मर्लिन मुनरो के बीच प्रेम रहा और जॉन एफ. कैनेडी के भाई बॉब कैनेडी का भी मनरो से इश्क रहा है। जॉन एफ. कैनेडी की एक चुनावी सभा में मर्लिन मुनरो ने मंच पर ठुमके लगाए थे। मर्लिन मुनरो की मृत्यु का कारण डॉक्टर की रिपोर्ट के अनुसार नींद की गोलियां अधिक मात्रा में सेवन बताया गया परंतु कुछ लोग इसे हत्या मानते हैं। आज हम मर्लिन मुनरो की बात इसलिए कर रहे हैं कि फिल्म 'डायमंड आर बेस्ट फ्रेंड ऑफ ए गर्ल’ के दृश्य में मर्लिन ने एक नेकलेस पहना था, जिसमें 'मून ऑफ बड़ौदा’ नामक हीरा जड़ा हुआ था। शीघ्र ही वह हीरा नीलाम किया जाने वाला है और अनुमान है कि 5 या 7 करोड़ डॉलर में खरीदा जा सकता है। खरीदने वाले को मर्लिन मुनरो का वह फोटोग्राफ भी मिलेगा, जिसमें उन्होंने वह डायमंड पहना है।

बलदेव राज चोपड़ा ने दूरदर्शन के लिए 'महाभारत’ सीरियल बनाया था, जिसे इस्लाम को मानने वाले डॉक्टर राही मासूम रजा ने लिखा था। उस सीरियल में श्रीकृष्ण की भूमिका नीतीश भारद्वाज नामक अभिनेता ने अभिनीत की थी, जिनकी पत्नी ने हीरों की यात्रा पर एक विलक्षण ऐतिहासिक दस्तावेजनुमा पुस्तक लिखी थी। किताब का लेखन उन्होंने अपने पति से तलाक लेने के बाद किया था, जिसका यह अर्थ नहीं है कि लेखन के लिए तलाक लेना जरूरी है। उस पुस्तक में विश्व के प्रसिद्ध हीरों की यात्रा का विवरण था। भारत का 'कोहिनूर’ भी कई हाथों से गुजरता हुआ अंग्रेजों के हाथ लगा जब उन्होंने एक भारतीय महाराजा की रक्षा अन्य भारतीय महाराजा से की थी। 'कोहिनूर’ ब्रिटेन के एक म्यूजियम में आज भी पर्यटकों को आकर्षित करता है।

'मून आॅफ बड़ौदा’ नामक हीरे की यात्रा का वृतांत 15वीं सदी के बाद से वर्तमान तक उपलब्ध है और यह भी प्रमाणित है कि यह हीरा भारत के गोलकुंडा खदान से प्राप्त हुआ था। विश्व में गोलकुंडा वह प्रथम खदान मानी जाती है, जिससे हीरे निकाले गए बाद में दक्षिण अफ्रीका में स्थित खदानों से हीरे निकाले गए। जेम्स बॉण्ड पात्र की रचना लेखक इयन फ्लेमिंग ने की थी और उनके उपन्यास 'डायमंड्स आर फॉरएवर’ के प्रारंभिक हिस्से में हीरों के बारे में जानकारियां प्रस्तुत की गईं। उनके उपन्यासों में दी गई जानकारियों को हाशिये में डालकर बॉन्ड फिल्में बनाई गई हैं। दरअसल जेम्स बॉन्ड को हम शीत युद्ध की उपज मान सकते हैं। कुछ हीरों के साथ यह बात जुड़ गई है कि उनको धारण करना या उनका स्वामित्व पाना मनुष्य के लिए दुर्भाग्य लाता है। एक ऐसे ही हीरे को समय-समय पर जिन 11 लोगों ने प्राप्त किया उन सब की मृत्यु दुर्घटना में हुई। उनमें से कुछ कत्ल कर दिए गए। इस तरह के हीरों को म्यूजियम में रखा जाता है गोयाकि दुर्भाग्य लाने वाले हीरे भवन को क्षति नहीं पहुंचाते परंतु मनुष्य को पहुंचाते हैं। जैसे आसमान में सितारे चमकते हैं, वैसे ही धरती पर हीरों से उजास उत्पन्न होता है। मानव शरीर में हीरे का स्पर्श संभवत: कुछ हलचल पैदा करता है। त्वचा से रक्त शिराओं तक यह प्रभाव जाता है। यह भी संभव है कि मनुष्य के माध्यम से यह पृथ्वी की चुंबकीय ताकत पर असर डालता है, जिसका कोई संवाद अंतरिक्ष तक जा पहुंचा हो। हम जितना जानते हैं उससे अधिक विराट हमारे अज्ञान का क्षेत्र है। इस सारे रहस्य ने अंधविश्वास को जन्म दिया है। जाने कैसे एक तथ्य के साथ अनगिनत अफवाहें जुड़ जाती हैं और हमारे मस्तिष्क के अंधकार वाले क्षेत्र में जाकर अंधेरे को और अधिक स्याह बनाता है।

यह हीरा बड़ौदा के राजघराने के पास सबसे लंबे समय तक रहा है और इसी कारण इसे 'मून आॅफ बड़ौदा’ हमेशा कहा जाएगा। महाराजा बड़ौदा के वाचनालय में ही दादा फालके ने 'बायस्कोप’ नामक पत्रिका पढ़ी और सिनेमा के प्रति उनकी रुचि जागी। सामंतवाद में लाख दोष गिनाए जा सकते हैं परंतु यह भी सच है कि उन्होंने कलाकारों, संगीतकारों और चित्रकारों को प्रश्रय दिया। वर्तमान के अरबपति लोग यह काम नहीं करते। वे अपने घर की दावतों में फिल्म कलाकारों, क्रिकेट खिलाड़ियों को आमंत्रित करते हैं। हीरों का वजन और मानदंड कैरेट कहलाता है एक अत्यंत मनोरंजक हॉलीवुड फिल्म का नाम है 'ए वुमेन ऑफ फोर्टी कैरेट या फोर्टी कैरेट वुमेन। महिलाएं भी हीरे की तरह रहस्यमय होती हैं और हीरे की तरह ही बहुमूल्य भी। उनके उजास से परिवार दमकता है। कुछ महिलाएं ग्रहण की तरह परिवार में अंधकार लाती हैं। विश्व प्रसिद्ध कथा 'द डायमंड नेकलेस’ में पड़ोसी से हीरे का हार लेकर महिला एक विवाह उत्सव में जाती है। वह नेकलेस चोरी हो जाता है। उसी की तरह का नेकलेस बाजार में से खरीदकर लौटाया जाता है, जिसकी किस्तें चुकाने में दशकों लग जाते हैं। वर्षों बाद उन्हें ज्ञात होता है कि जो नेकलेस चोरी हुआ वह नकली हीरों का था। उन्होंने जो लौटाया वह असली था। दरअसल, इमिटेशन हीरे का बड़ा बाजार है। एक दौर में सूरत में हीरे तराशने का व्यापार होता था और भारत में सूरत ही हीरे की राजधानी थी। 'सुशासन’ ने इसे हानि पहुंचाई है। अंग्रेजी भाषा में एक प्रसिद्ध उपन्यास है 'मूनस्टोन’। दक्षिण भारत के एक मंदिर में मूर्ति से 'मूनस्टोन’ एक अंग्रेज अफसर ने जबरन हासिल किया और वह लंदन लौट गया। उस मंदिर के पुजारी दल ने वर्षों उस 'मूनस्टोन’ की तलाश की और रहस्यमय घटनाक्रम के बाद वे उसे वापस लाने में वह दल सफल भी हुआ। एक दौर में हीरो के व्यापारी श्री भारत शाह फिल्मों के सबसे बड़े पूंजी निवेशक और वितरक रहे हैं। उनकी पूंजी से कई फिल्म तराशी गईं, जिनमें राज कपूर की प्रेम रोग भी है। कुछ फिल्में भी हीरों की तरह होती हैं, जिनका उजास दर्शक को शांति प्रदान करता है। यह तथ्य कितना अजीब है कि धरती के गर्भ में, धरती के साथ घूमते रहने की प्रक्रिया से कुछ कोयले हीरों में बदल जाते हैं। ठीक इसी तरह कुछ मनुष्य भी परिश्रम और प्रतिभा से हीरों की उजास पा लेते हैं और जो कोयले यह नहीं कर पाते, वे राजनीति में चले जाते हैं।