उड़ान / रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

चार बज चुके थे। डाकिए के आने की उम्मीद अब नहीं रही थी। मनीआर्डर आया होता तो वह ज़रूर आता। आत्माराम ने ठण्डी सांस ली। कबूतर–कबूतरी और बच्चा सुबह तक घोंसले को आबाद किए हुए थे। बाहर से दाना लाकर जब वे घोंसले में लौटते, बच्चा अपनी नन्ही-सी चोंच खोलकर कभी कबूतर की ओर मुड़ जाता, कभी कबूतरी की ओर। चुग्गा लेकर वह उनके पंखों के नीचे दुबककर बैठा रहता।

अब थोड़ा–सा उड़ने भी लगा था। लकवे के कारण टेढ़े हुए मुख को ऊपर उठाकर आत्माराम भरी–भरी आँखों से उन्हें देखते रहते। उस समय वे भी अपने को कबूतर समझने लगते। अकेला और तन्हा कबूतर।

सूर्यास्त हो गया। कबूतर घोंसले में आ गया। थोड़ी देर बाद कबूतरी भी आ पहुँची। दोनों काफी देर तक गुमसुम–से बैठे रहे। कबूतरी ने अपनी ढीली और उदास गर्दन कबूतर की गर्दन–से सटा ली। धुंधलका छाने लगा। बच्चा नहीं लौटा। आत्माराम का हृदय भीग गया। बेटे ने गाँव में आना साल–भर पहले ही बन्द कर दिया था। अब पैसा भेजे भी तीन महीने हो गए।

आज घोंसले का सूनापन उसे बेचैन किए दे रहा था। नन्हा बच्चा उड़कर कहीं और चला गया था।

दो गरम–गरम आँसू एकदम लावे की तरह, ढुलक आए. वह और अधिक उदास हो गया।