उमराव जान अदा / मिर्ज़ा हादी रुस्वा / पृष्ठ 1

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

एक थी उमराव

हम को भी क्या क्या मजे की दास्तानें याद थीं

लेकिन अब तमहीदे जिगरे दर्द मातम हो गईं।

यह किस्सा शुरू यों होता है कि दस बारह बरस पहले दिल्ली की तरफ के रहने वाले मेरे एक दोस्त, मुंशी अहमद हुसैन साहब, सैर-सफर के लिए लखनऊ तशरीफ लाए थे। इन्होंने चौक में सैयद के फाटक के पास एक कमरा किराये पर लिया था। यहां अक्सर, दोस्त सरेशाम आ बैठते थे। बहुत ही लुत्फ की सोहबत होती थी। मुंशी साहब की शायरी समझने की लियाकत, आला दर्जे की थी। खुद भी कभी-कभी कुछ कह लेते थे और अच्छा कहते थे, लेकिन ज्यादातर सुनने का शौक था। इसलिए अक्सर शेरो-शायरी का चर्चा रहता था।

इसी कमरे के बराबर एक और कमरा था। इसमें एक तवायफ रहती थी। रहन-सहन की तरीका और रंडियों से बिलकुल अलहदा था। न कभी किसी ने कमरे पर सरे राह बैठते देखा, न वहां किसी का आना-जाना ही था। दरवाजों में दिन-रात पर्दे पड़े रहते थे। चौक की तरफ, निकास का रास्ता, बिलकुल बंद रहता था। गली की तरफ एक और दरवाजा था। इसी से नौकर-चाकर आते-जाते थे।

अगर कभी-कभी रात को गाने की आवाज न आया करती, तो यह भी न मालूम होता कि इस कमरे में कोई रहता भी है। जिस कमरे में हम लोगों की बैठक थी, इसमें एक छोटी-सी खिड़की लगी थी, मगर इसमें कपड़ा पड़ा रहता था।

एक दिन हमेशा की तरह दोस्तों का जलसा था। कोई गजल पढ़ रहा था। दोस्त दाद दे रहे थे। इतने में मैंने एक शेर पढ़ा। उस खिड़की की तरफ से ‘वाह-वाह’ की आवाज आई। मैं चुप हो गया और दोस्त भी उस तरफ हैरत से देखने लगे।

मुंशी अहमद हुसैन ने ऊंची आवाज में उलाहना-सा दिया, ‘छुपी हुई तारीफ ठीक नहीं। अगर शेरो-सखुन का शौक है, तो जलसे में तशरीफ लाइए।’

इसका कोई जवाब न मिला। मैं फिर गजल पढ़ने लगा। बात आई-गईं हो गई, पर थोड़ी देर बाद एक महरी आई। उसने पहले सबको सलाम किया फिर कहा, ‘मिर्जा रुस्वा कौन साहब हैं ?’

दोस्तों ने मेरी तरफ इशारा किया। तब महरी मुझसे मुखातिब हुई, ‘‘बीबी ने आपको याद किया है।’’

‘‘मैंने पूछा, ‘‘कौन बीबी ?’

महरी ने कहा, ‘बीबी ने ताकीद की है कि मेरा नाम न बताना। आगे आपका हुकुम।’

मुझे महरी के साथ जाने में हिचक हुई। दोस्त मुझसे मजाक करने लगे, ‘हां साहब, क्यों नहीं ! कभी की साहब- सलामत है, जब ही तो इस तरह बुला भेजा !’

मैं दिल में गौर कर रहा था, कि कौन साहिबा ऐसी बेतकल्लुफ हैं।

इतने में महरी ने कहा, ‘हुजूर, बीबी आपको अच्छी तरह जानती हैं, जब तो बुला भेजा है।’

आखिर जाना ही पड़ा। जाके देखा तो, अहा ! उमराव जान तशरीफ रखती थीं !

देखते ही बोलीं, ‘वल्लाह ! मिर्जा साहब आप तो हमें भूल ही गए।’


‘यह मालूम किसे था कि आप किस कोहे काफ में तशरीफ रखती हैं ?’

उमराव जान: यों तो मैं अक्सर आपकी आवाज सुना करती थी, लेकिन कभी बुलाने की हिम्मत न हुई। मगर आज आपकी गजल ने बेचैन कर दिया। अचानक मुँह से ‘वाह’ निकल गया। उधर किसी साहब ने कहा, ‘यहां आइए।’ मैं अपनी जगह पर आप ही शर्मिंदा हुई। जी में आया चुप रहूं, मगर दिल न माना। आखिर अगली खसूसियतों के लिहाज से आपको तकलीफ दी। माफ कीजिएगा। हां, वह शेर जरा फिर पढ़ दीजिए।’

‘माफ तो कुछ न होगा, और न मैं शेर ही सुनाऊँगा। अगर शौक हो तो, वहीं तशरीफ ले चलिए।’

उमरान जान: मुझे चलने में कोई एतराज नहीं। मगर ख्याल है कि साहबे खाना या और किसी साहब को मेरा जाना बुरा न लगे।

मैं: आपके होश तो दुरुस्त हैं न ! भला ऐसी जगह आपको चलने के लिए क्यों कहना ? बेतकल्लुफ सोहबत है। आपके जाने से और लुत्फ होगा।

उमराव जान: यह तो सच है, मगर कहीं ज्यादा बेतकल्लुफी न हो !

मैं: जी नहीं ! वहां मेरे सिवा कोई आपसे ज्यादा बेतकल्लुफ नहीं हो सकता।

उमराव जान: अच्छा, तो कल आऊंगी।

मैं: अभी क्यों नहीं चलतीं ?


उमराव जान: ऐ हे ! दिखिए तो किस हैसियत से बैठी हूं !

मैं: वहां कोई मुजरा तो है नहीं। बेतकल्लुफ सोहबत है। चली चलिए।

उमराव जानः उई मिर्जा! आपकी तो बातें लाजवाब होती हैं। अच्छा, चलिए। मैं आती हूं।

मैं उठ कर चला आया। थोड़ी देर बाद उमराव जान साहबा जरा कंघी-चोटी करके, कपड़े बदल के आईं।


मैंने दोस्तों से चंद अलफाज में उनके शेरो-सखुन के मजाक और गाने के कमाल वगैरह की तारीफ कर दी। लोग लट्टू हो गए थे। जब वह तशरीफ लाईं, तो यह ठहरी की सब साहब अपना-अपना कलाम पढ़ें और वह भी पढ़ें। खुलासा यह कि वहां बड़े लुत्फ का जलसा हुआ।

उस दिन से उमराव जान अक्सर शाम को चली आती थीं। घंटे-दो घंटे बैठकी रहती थी। कभी शेरो-शायरी का जलसा हुआ, कभी उन्होंने कुछ गाया। दोस्त खुश हुए। ऐसे ही एक जलसे का हाल हम यहां लिख रहे रहे हैं।

उस दिन उमराव जान ने एक शेर पढ़ा।

सुनते ही मुझसे रहा न गया। मैंने कहा, ‘क्या कहना, बी उमराव जान साहबा। यह मकता तो आपने हाल के मुताबिक ही कहा है। और शेर ! क्यों न हो ?’

उमरान जान: तसलीम मिर्जा साहब ! आपके सर की कसम बस यह मतला याद था। और वह मतला भी खुदा जाने किस जमाने की गजल है। जबानी कहां तक याद रहे ? बेयाज निगो़ड़ी गुम हो गई।

मुंशी साहब: और वह मतला क्या था ? हमने नहीं सुना।

मैं: आप तो इंतजाम में लगे हुए हैं। सुने कौन ?

इसमें कोई शक नहीं कि मुंशी साहब ने आज के जलसे के लिए बड़े सलीके से इंतजाम किया था।

गर्मियों के दिन थे। दो घड़ी दिन रहे से सेहन में छिड़काव हुआ था ताकि शाम तक जमीन ठंडी रहे। उस पर दरी बिछाकर उजली चांदनी का फर्श कर दिया था। कोरी कोरी सुराहियां पानी भर कर और केवड़ा डालकर मुंडेर पर चुनवा दी थीं, उन पर मिट्टी के प्याले ढंके हुए थे। बरफ का इंतजाम अलग से था। कागजी हंडियों में सफेद पानी की सात सात गिलोरियां लाल रुमालों में लपेट कर केवड़े में बसाकर रख दी गई थीं। ढकनियों पर थोड़ा थोड़ा खाने का तंबाकू रख दिया था।

पेचदार हुक्कों के नेवों पर पानी छिड़क छिड़क कर हार लपेट दिए गए थे। चांदनी रात थी, इससे रोशनी का इंतजाम ज्यादा नहीं करना पड़ा था। सिर्फ एक सफेद कमल घुमाने के लिए जला दिया गया था। आठ बजते बजते सब दोस्त मीर साहब, आगा साहब, खां साहब, शेख साहब, पंडित साहब, वगैरह-वगैरह तशरीफ ले आए थे। पहले मीठे फालूदे के एक एक प्याले का दौर चला था, फिर शायरी का चर्चा शुरू हो गया।

मुंशी: तो मिर्जा साहब, हमारा इंतजाम आपके हवाले। हम तो शेर सुनेंगे।

मैं: माफ फरमाइए। मुझसे यह दर्दे-सर न होगा।

मुंशी: अच्छा, वह मतला क्या था, मोहतरमा, जरा हम भी तो सुनें।

काबे में जा के भूल गया राह दैर की

ईमान बच गया, मेरे मौला ने खैर की।

मुंशी: खूब कहा है।

खां साहब: अच्छा मतला है। मगर यह भूल गया क्यों ?

उमराव जान: तो क्या खां साहब, रेखती कहती हूं ?

खां: मजा तो रेखती का है। ‘मेरे मौला ने खैर की’ आप ही की जबान से अच्छा मालूम होता है।

मैं: बस आपके हमले शुरू हो गए। अभी तो शेर सुनने दीजिए, खां साहब। अगर सब आप ही के से पढ़े-लिखे हो जाएं तो शेरगोई का मजा तशरीफ ले जाए। उमराव जान, तुम तो कोई और गजल पढ़ो।

उमरान: कुछ याद आए तो अर्ज करूं।

शबे फुरकत बसर नहीं होती।

सब लोग: वाह वाह ! सुभान अल्ला ! क्या कहना !


शोरे फरियाद ता फलक पहुंचा,

मगर उसको खबर नहीं होती।

मैं: क्या शेर है। मेरे साथ साथ तमाम सुनने वालों ने भी तारीफ की और फिर इस उम्मीद में कान लगाए कि उमराव जान अगला शेर क्या पढ़ती हैं।

तेरे कूचे के बेनवाओं की, हविसे मालो जर नहीं होती।

सुनकर भी अहबाब ने तारीफ की, उमराव जान ने तस्लीम कर अगला शेर पढ़ा,

जान देना किसी पर लाजिम था,

जिंदगी यूं बसर नहीं होती।

मैं: वाह ! खां साहब, शेर मलाहजा हो।

खां साहब: सुभान अल्लाह ! हकीकत में क्या शेर कहा है।

उमराव: आप सब साहब कदर-अफजाई फरमाते हैं, वर्ना मैं क्या मेरी हकीकत क्या ?

है यकीं वह न आएंगे फिर भी, कब निगाह सूये दर नहीं होती।

खां साहब: यह भी खूब कहा।

पंडित साहब: क्या तर्जे कलाम है।

उमराव जान तस्लीम करके अगला शेर पढ़ने लगीं :

अब किस उम्मीद पर नजर मेरी, शिकवा संजे-असर नहीं होती।

खां साहब: क्या खूब कहा है ! फारसीयत ठसक रही है।

मुंशी साहब: कुछ भी हो, मजमून अच्छा है।

हम असीराने इश्क को सैयाद, हबिसे वालों पर नहीं होती।

अहबाब तारीफ करते हैं, उमराव तस्लीम करती हैं।

गलत अंदाज ही सही वह नजर, क्यों मेरे हाल पर नहीं होती।

खां साहब: हां, होना चाहिए। खूब कहा है !

उमराव जान: मकता मुलाहजा हो,

ए ‘अदा’ हम कभी न मानेंगे, दिल को दिल की खबर नहीं होती।

खां साहब: क्या मकता कहा है ! यह आप अपना तजरबा बयान करती हैं। और लोगों की राय इसके खिलाफ है।

उमराव: जाती तजरबा जो कुछ भी हो। मैंने तो शायराना मजमून कहा है।

मुशायरा खत्म होने के बाद फालसे की बरफ जमाई गई। उसकी दो दो कुलफियां दोस्तों ने खाईं। सब अपने अपने मकान की तरफ तशरीफ ले गए। इसके बाद खाना लगा दिया गया। मुंशी साहब ने, मैंने और उमराव जान ने खाना खाया।

मुंशी साहब: मोहतरमा, जरा अपना वह मतला तो पढ़िए, जो आपने पहले पढ़ा था।

उमराव जान ने मतला फिर पढ़ा।

किसको सुनाएं हाले-दिले जोर ए, अदा,

आवारगी में हमने जमाने की सैर की।

मुंशी साहब: इसमें कोई शक नहीं कि आपके हालात बहुत ही दिलचस्प होंगे। जब से आपने यह मतला पढ़ा है, मुझे यही खयाल है। अगर आप अपनी आपबीती बयान कर दें, तो लुत्फ से खाली न हो।

मैंने मुंशी साहब के कलाम की ताईद की। मगर उमराव पहलू बचाती थीं। हमारे मुंशी साहब को किस्से-कहानियों का बड़ा शौक था। अलिफ लैला, अमीर हमजा की दास्तान के अलावा, बीस्ताने-खयाल की तमाम जिल्दें नजर से गुजरी हुई थीं। कोई नाबिल ऐसा न था, जो आपने देखा न हो।

मगर लखनऊ में चंद रोज रहने के बाद जब अहले-जवान की अस्ली बोल-चाल की खूबी खुली तो अक्सर नाबिल—नवीसों के बेतुके किस्से, बनावटी जबान और ताज्जुब आमेज, बेहुदा जोश दिखाने वाली तररीरें आपके दिल में उतर गईं। लखनऊ के वा-मजाक लोगों की बोलचाल बहुत ज्यादा ही पसंद आई थी।