उसके बिना / ज़ाकिर अली 'रजनीश'

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

रुकइया ने अपने कमरे का दरवाजा खोला। बार्बी डाल, भौंकने वाला कुत्ता, चाबी वाली ट्रेन, टेडी बियर... और हाँ, उसकी मनपसंद डांसिंग डॉल... सारा सामान करीने से सजा हुआ था।

रुकइया हौले से मुस्करा पड़ी। सहसा उसकी नजर शेरू पर जा पड़ी। शेरू यानी सेल वाला कुत्ता। वह इतनी जोर से भौंकता है कि बड़े बड़ों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाए। एक बार रुकइया ने पड़ोस के सोनू के कान के पास ले जाकर उसका बटन ऑन कर दिया था। शेरू की आवाज से बेचारा ऐसा डरा कि उसकी नेकर ही गीली हो गई। रुकइया को यह देखकर बड़ा मजा आया। वह काफी देर तक हँसती रही।

'तुमने आज कहाँ देर कर दी? मैं यहाँ कबसे बोर हो रहा हूँ।' रुकइया को लगा शेरू उससे शिकायत कर रहा है। वह बोली - 'सॉरी शेरू। दरअसल आज मैं...'

कहते-कहते रुकइया की नजर गुड़िया के दाहिने हाथ पर जाकर ठहर गई। वह कोहनी के पास से टूटा हुआ था। उसे देखते ही रुकइया की सारी खुशी काफूर हो गई। उसकी इस दशा के लिए छोटी बहन रानी जिम्मेदार थी। है तो वह अभी दो साल की, लेकिन लगती है पूरी शैतान की नानी। रुकइया के सामान की पक्की दुश्मन ही समझो उसे। अब तक वह रुकइया की दो कापियाँ, एक किताब और सिंगिंग बर्ड शहीद कर चुकी है। छोटी-मोटी जो भी चीज उसे मिल जाए, सीधे उसके मुँह में जाती है। उसके बाद तो उसका भगवान ही मालिक।

रुकइया को गुड़िया पर दया आ गई, 'बेचारी, जब अपने हाथ को देखती होगी, तो उसे कितना दुख होता होगा?' उसने गुड़िया को अपने हाथ में उठा लिया, 'मन करता है कि इस रानी की बच्ची को...'

तभी उसके विचारों में ब्रेक लग गए। अम्मी उसे खाने के लिए आवाज दे रही थीं। उसने गुड़िया को उसकी जगह पर खडा किया, पीठ पर टँगा स्कूल बैग उतारकर मेज पर रखा और ड्रेस बदलने लगी।

खाने की मेज पर अम्मी उसे इंतजार करती हुई मिलीं। वह चुपचाप उनके पास जाकर बैठ गई। उसने मेज पर नजर मारी - आलू के पराठे। वाह, मजा आ गया। उसने तेजी से प्लेट में झपट्टा मारा। यह देखकर अम्मी ने उसे डाँट दिया, 'ये क्या? अब तुम भी रानी वाली हरकतें करने लगी?'

रुकइया झेंप गई। उसे अपने आप पर शरम आ गई। उसने ऐसा क्यों किया? ऐसी हरकतें तो रानी करती है। इस समय तो वह नानी के पास होगी। वहाँ पर उसके खूब मजे...।

आखिर रुकइया से रहा न गया। वह बोली, 'अम्मी, रानी कब आएगी?'

'क्यों? तुम्हें कब से रानी की फिकर होने लगी?' अम्मी ने उससे उल्टा सवाल पूछ लिया, 'तुम्हारी तो कभी उससे पटती ही नहीं। हमेशा तुम उसकी शिकायत करती रहती थी। इसीलिए पापा उसे नानी के घर छोड आए हैं।'

रुकइया को पिछली घटना याद आ गई, जब रानी ने उसकी मैथ और इंग्लिश की कापियाँ फाड़ी थीं। उस समय उसे रानी पर बहुत गुस्सा आया था। न जाने कितनी मुश्किल से उसने अपने आप को रोका था। उस दिन अम्‍मी ने रानी को खूब समझाया। लेकिन रानी ने इस कान से सुना और उस कान से बाहर निकाल दिया। उसके कुछ ही समय बाद रानी ने एक दिन गुड़िया का हाथ तोड दिया। उस दिन रुकइया का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुँचा। वह अपने आप को रोक नहीं पाई। उसने रानी के गाल पर दो चाँटे जड दिए। अम्मी को जब यह बात पता चली, तो उन्होंने रुकइया को खूब डाँटा।

उसके बाद रुकइया दिन भर अम्मी से रूठी रही। भला ये कौन सी बात हुई? रानी ने उसकी मनपसंद गुड़िया का हाथ तोड़ा था। क्या वह उसकी इस गलती के लिए उसे दो चाँटे भी नहीं मार सकती? पापा को जब रुकइया की नाराजगी का पता चला, तो उन्होंने झूठमूठ अम्मी को डाँटा और रुकइया को उसकी मनपसंद चाकलेट भी दिलाई। तब कहीं जाकर शांत हुआ था उसका गुस्सा।

बीती घटना याद आने से रुकइया का मन अशांत हो गया। उसने रानी की कुर्सी पर नजर डाली। आज वह खाली थी। उसे मन के किसी कोने में खाली-खाली सा महसूस हुआ।

'क्या हुआ रुकइया? तुम खाना क्यों नहीं खा रही हो?' अम्मी ने उसे टोका।

रुकइया के सामने उसकी मनपसंद डिश थी, फिर भी उसका खाने का मन न हुआ। जैसे-तैसे उसने दो-चार निवाले खाए और फिर पानी पीकर उठ गई।

रुकइया सीधे अपने कमरे में पहुँची। कमरे में घुसते ही उसकी नजर रानी के झूले पर पड़ी। झूला खाली थी। उसे लगा रानी झूले में छिप गई है। वह उसके पास पहुँची। पर झूला वास्तव में खाली था। रुकइया ने अपना बैग निकाला और होमवर्क करने बैठ गई। मैम ने सवाल हल करने के लिए कहा था। उसने कापी खोली और सवाल पढ़ने लगी - एक चॉकलेट पाँच रुपये की मिलती है, तो बताओ पाँच चॉकलेट कितने की मिलेंगी?

चॉकलेट का ध्यान आते ही रुकइया का ध्यान भंग हो गया। अभी दो दिन पहले की ही तो बात है। शाम का समय था। वह टीवी पर कार्टून फिल्म देख रही थी। अचानक उसे चॉकलेट की महक आई। उसने पलट कर देखा। रानी उसके बैग के पास खड़ी चॉकलेट खा रही थी। यह देखकर उसका पारा गर्म हो गया। उसने रानी को एक चाँटा लगाया और चॉकलेट छीनने लगी।

लेकिन रानी भी कहाँ कम थी। उसने जब देखा कि चॉकलेट उसके हाथ से निकलने वाली है, तो उसने रुकइया के दाहिने हाथ में दाँत गड़ा दिए। रुकइया दर्द से बिलबिला उठी और रोने लगी। रुकइया को रोते देखकर रानी भी सुबकने लगी। तभी अम्मी भी वहाँ आ गईं। उन्होंने रानी को गोद में उठा लिया और डपट कर पूछा, 'रुकइया, ये सब क्या हो रहा है?'

'इसने दाँत से काटा है।' रुकइया सुबक पड़ी।

'तुमने इसे छेड़ा होगा?' अम्मी ने उल्टा उसे ही डाँटा, 'मैंने पचास बार कहा है कि तुम इसके पास मत जाया करो।'

'मैं इसके पास कहाँ गई थी,' रुकइया बिफर पड़ी, 'इसने मेरी चाकलेट खाई। मैंने तो इसे कुछ कहा भी नहीं, ये ही मेरे सामान के पीछे पड़ी रहती है।'

'ठीक है, मैं इसे नानी के पास भेज देती हूँ। उसके बाद तुम आराम से रहना।' कहती हुई अम्मी रानी को लेकर वहाँ से चली गईं।

रुकइया को झटका सा लगा। वह वर्तमान में लौट आई। उसने हाथ पर नजर मारी। अनचाहे ही उसका बायाँ हाथ उस जगह पर चला गया, जहाँ पर रानी ने दाँत गड़ाए थे। वह उस जगह को सहलाने लगी। उसे अपना स्पर्श बड़ा अच्छा लगा। उसे रानी का मासूम सा चेहरा याद आ गया। चौड़ा सा माथा, बड़ी-बड़ी आँखें, तोते के टोंट जैसी नाक, मोती जैसे दाँत और गोल-मटोल चेहरा। जैसे... जैसे गुलाबी रंग के दो बड़े से सेब।

रुकइया के मन में ढेर सारा प्यार उमड़ आया। उसका मन हुआ कि वह रानी को अपनी गोद में लेकर उसे ढेर सारा प्यार करे। लेकिन, रानी तो...।

उसने खीझ और लाचारी में अपनी आँखें मींच लीं। उसे अपने आप पर गुस्सा आने लगा। क्यों उसने अम्मी से उसकी शिकायत की? न वह शिकायत करती, और न ही वह...।

रुकइया का मन भारी हो गया। उसने कापी किताबें एक ओर खिसकाईं और बेड पर लेट गई। वह काफी देर तक पिछली बातों को याद करती रही और फिर न जाने कब उसे नींद ने आ घेरा।

हार्न की आवाज सुनकर रुकइया की नींद खुली। वह जल्दी से उठी और बाहर को भागी। गेट के पास पापा अपनी गाड़ी खड़ी कर रहे थे। उनके हाथ में एक बड़ा सा गिफ्ट पैक था। उसे देखकर वह हैरान होती हुई बोली, 'पापा, ये क्या है?'

'मेरी रानी बिटिया का गिफ्ट। आज तुम्हारा जन्मदिन है न।'

रुकइया की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अरे, आज तो उसका बर्थ-डे है। ...और उसे बिलकुल याद ही नहीं रहा। उसने पापा के हाथ से पैकेट ले लिया और अपने कमरे की ओर भाग गई।

रात के आठ बजे घर में जन्मदिन पार्टी का आयोजन था। रुकइया ने नई-नई ड्रेस पहनी। फिर उसने मोमबत्ती को फूँक मारकर बुझाया और केक काटा। सब लोगों ने तालियाँ बजाई और 'हैप्पी बर्थ डे' वाला गाना गाया। उसके बाद सभी लोगों ने रुकइया को गिफ्ट दिए। ढेर सारे तोहफे देखकर रुकइया का मन खुशी से फूला नहीं समाया।

उसके बाद सभी लोग खाने-पीने में व्यस्त हो गए। पापा ने रुकइया के कमरे में सारे गिफ्ट रखवा दिए। रुकइया उन्हें देखने के लिए लालायित हो रही थी। वह चुपके से अपने कमरे में जा पहुँची और पैकेट खोल कर देखने लगी।

पहले पैकेट में एक सुंदर सी कार थी। वह उसे देखते ही चहक पड़ी, 'हम तुम इसे साथ-साथ चलाएँगे रानी।' रुकइया इतनी खुश थी कि उसे यह याद ही नहीं रहा कि रानी वहाँ नहीं है। वह बडबडाई, 'रानी, तुम इसे चलाओगी?'

अगले ही पल उसे अपनी गलती का एहसास हुआ। रानी तो वहाँ थी ही नहीं। यह देखकर उसका मन उचट गया। उसने अपने खिलौनों पर एक नजर मारी और कमरे से बाहर निकल गई।

रुकइया सीधे अम्मी के पास पहुँची। वे किचन में चाय बना रही थीं। वह उनका हाथ हिलाती हुई बोली, 'अम्मीजान, आपने तो हमें गिफ्ट दिया ही नहीं।'

'बेटे, पापा लाए तो हैं।' उन्होंने उसे टालना चाहा।

'लेकिन वो तो पापा का है। मुझे आपसे भी गिफ्ट चाहिए।'

'अच्छा?' अम्मी ने प्यार से उसकी ओर देखा, 'बोलो क्या चाहिए?'

'पहले प्रॉमिस करिए कि आप मना नहीं करेंगी।' रुकइया ने शर्त रखी।

'अच्छा बाबा, प्रॉमिस। अब बोलो, क्या चाहिए?'

'आप रानी को ले आइए, मुझे उसके बिना...।'

रुकइया की बाकी बातें उसके मुँह में ही रह गईं। अम्मी ने उसे उठाकर अपने सीने से लगा लिया। उन्हें अपनी बेटी पर ढेर सारा प्यार आ रहा था।