क्रान्तिकारी / अरनैस्ट हैमिंगवे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

अमरीका कथाकार अर्नेस्ट हेमिंग्वे (1899-1961) अंतरराष्ट्रीय महत्त्व के कथाकार थे। उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध में एक सैनिक के रूप में और द्वितीय विश्वयुद्ध में एक युद्ध संवाददाता के रूप में भी कार्य किया। 1954 में उन्हें नोबेल पुरस्कार मिला।

सन् 1919। वह इटली में रेल से सफर कर रहा था। पार्टी हेडक्वार्टर से वह मोमजामे का एक चौकोर टुकड़ा लाया था, जिस पर पक्के रंग से लिखा हुआ था कि बुदापेस्त में इस साथी ने ‘गोरों’ के बहुत अत्याचार सहे हैं। साथियों से अपील है कि वे हर तरह से इसकी मदद करें। टिकट की जगह वह इसे ही इस्तेमाल कर रहा था। वह युवक बहुत शर्मीला और चुप्पा था। टिकट बाबू उतरते, तो अगले को बता जाते। उसके पास पैसा नहीं था। वे उसे चोरी-छिपे खाना भी खिला देते।

वह इटली देखकर बहुत प्रसन्न था। बड़ा सुन्दर देश है, वह कहता। लोग बड़े भले हैं। वह कई शहर और बहुत-से चित्रों को देख चुका था। गियोट्टो, मसाचियो और पियरो डेला फ्रांसेस्का की प्रतिलिपियाँ भी उसने खरीदी थीं, जिन्हें वह ‘अवन्ती’ के अंक में लपेटे घूम रहा था। मांतेगना उसे पसन्द नहीं आया।

वह बोलोना आया, तो मैं उसे रोमाना साथ ले गया। मुझे एक से मिलना था। वह सफर मजे का रहा। सितम्बर शुरू के खुशनुमा दिन थे। वह मगयारी था और बहुत झेंपूँ। होर्थी के लोग उससे अच्छी तरह पेश नहीं आये थे। कुछ जिक्र उसने किया था। हंगरी के बावजूद, उसका विश्वास एक पूरी विश्वक्रान्ति में था।

“इटली में आन्दोलन का क्या हाल है?” उसने पूछा।

“बहुत बुरा!” मैंने कहा।

“पर यहाँ चलेगा खूब!” वह बोला, “यहाँ सब कुछ है। यही अकेला देश है, जिसके बारे में किसी को सन्देह नहीं है। सब यहीं से शुरू होगा!”

मैं कुछ नहीं बोला।

बोलोना में वह विदा हुआ। वहाँ से रेल से वह मिलान के लिए गया, मिलान से आओस्ता और वहाँ से उसे पैदल-पैदल दर्रा पार करके स्विटजरलैण्ड पहुँचना था। मिलान के श्री व श्रीमती मांतेगना का जिक्र मैंने किया। “उन्हें छोड़िए।” उसने झेंपते हुए कहा कि वे उसे जँचे नहीं। मिलान के साथियों और खाना खाने की जगहों के पते मैंने उसे दे दिये। उसने मुझे धन्यवाद दिया, पर उसके दिमाग में दर्रा पार करके आगे जाने की बात समायी हुई थी। मौसम ठीक रहते-रहते वह दर्रा पार कर लेना चाहता था। उसके बारे में मुझे अन्तिम खबर यही मिली कि स्विसों ने साइन के पास पकड़कर उसे जेल में डाल दिया है।