गलियां गुनगुनाती हैं घर महकते हैं / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
गलियां गुनगुनाती हैं घर महकते हैं
प्रकाशन तिथि : 22 जनवरी 2019

जोया अख्तर की शीघ्र ही प्रदर्शित होने वाली फिल्म 'गली बॉय' एक यथार्थ घटना से प्रेरित फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह ने अभिनय किया है। उनका कहना है कि अगर वे यह फिल्म अभिनीत नहीं करते तो उनका जन्म लेना ही अकारथ हो जाता। कभी-कभी इस तरह की जुमलेबाजी नेता और अभिनेता दोनों ही करते हैं। हवाओं में केवल कार्बन डाइऑक्साइड के कारण प्रदूषण नहीं वरन लफ्फाजी भी बहुत हद तक इसके लिए जवाबदार हो सकती है। यह सर्वविदित है कि सृष्टि में केवल ध्वनि ही कभी नहीं मरती जर्मन वैज्ञानिकों ने कुरुक्षेत्र में यंत्र की सहायता से हजारों वर्ष पूर्व हुए युद्ध में आहतों की कराह को रिकॉर्ड किया है।

संगीतकार अंकित तिवारी ने जोया अख्तर की मुलाकात गली में गीत गाने वाले युवा से कराई। 'आहट' नामक ध्वनिबद्ध किया गया गीत भी जोया को सुनाया गया। खाकसार की विगत मुंबई यात्रा में शाहजहां नामक युवा से मुलाकात हुई जो गली-मोहल्लों में गीत गाता हुआ इतना लोकप्रिय हो गया है कि गणेशोत्सव व शादी के समारोहों में गीत-संगीत प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाता है और गायन ही उसकी रोजी-रोटी का जरिया बन चुकी है। 'बैजू बावरा' फिल्म में एक आम आदमी को तानसेन से मुकाबला करते हुए प्रस्तुत किया गया है यह कपोल कल्पित कथा थी परंतु यह सच है अवाम में गीत गाने वाले जन्मजात प्रतिभाशाली लोगों की संख्या बहुत बड़ी है। यहां तक कि सुर का वरदान न भी मिला होता तो भी लोग गीत गाते हैं।

कई लोग कहते हैं कि वे बाथरूम सिंगर हैं अर्थात नहाते समय गुनगुनाते हैं। हर आदमी गंगा में कूदने के पहले 'हर हर गंगे' बार-बार दोहराता है। शरीर में पानी का स्पर्श होते ही ध्वनि निकलती है। डॉक्टर परामर्श देते हैं कि स्नान के पहले कुछ पानी पैरों पर डालना चाहिए। सीधे सिर पर पानी डालना नुकसान कर सकता है। पानी डालने से शरीर के तापमान में अंतर आता है। यही कारण है कि तीव्र ज्वर होते ही ठंडे पानी में डूबा वस्त्र माथे पर रखा जाता है। इस तरह के प्रयोग भी किए गए हैं कि रोपित पौधों के सामने संगीत सुनाए जाने पर वे शीघ्र बढ़ने लगते हैं। एक डेरी फॉर्म में दूध दूहते समय संगीत बजाया जाता है और इस प्रयोग से भैंस अधिक दूध देती है परंतु कहावत है कि भैंस के आगे बीन बजाना व्यर्थ का काम है। सर्प के कान नहीं होते हैं परंतु वह बीन बजाने पर डोलता है। दरअसल, वह बीन बजाने वाले के झूलते हुए सिर की नकल कर रहा होता है। सर्प शाकाहारी नहीं है परंतु हम नाग पंचमी पर उसे दूध पिलाते हैं। संभव है कि दूध पीने से उसका हाजमा खराब हो जाता होगा। अंधी कुरीतियां जाने कैसे लोकप्रिय हो जाती हैं और उन्हें नष्ट करने के प्रयास सफल ही नहीं हो पाते। पंडित मदन मोहन मालवीय जैसे लोगों ने कुरीतियों के खिलाफ शंखनाद किया था।

ज्ञातव्य है कि अमर-अजर गायक केएल सहगल अभिनीत फिल्म 'स्ट्रीट सिंगर' सफल फिल्म सिद्ध हुई थी। भारतीय फिल्म उद्योग में विलक्षण गायक हुए हैं। मोहम्मद रफी इतने प्रतिभा वाले गायक हुए कि उन्होंने दिलीप कुमार पर फिल्माए जाने वाले गीत एक शैली में गाए और शम्मी कपूर के लिए पार्श्व गायन अलग शैली में किया। राजेंद्र कुमार के लिए फिर एक परिवर्तन किया। 'संगम' का गीत 'मेरा प्रेम पत्र पढ़कर कहीं नाराज नहीं होना' भी अलग ढंग से गाया गया है। इस गीत के लिखने वाले हसरत जयपुरी ने अपनी युवावस्था में यह गीत अपनी प्रेमिका के लिए लिखा था। असफल प्रेम कहानियां कला को जन्म देती है। प्रेम करना मनुष्य के लिए सांस लेने की तरह आवश्यक है। श्वास लेना भी एक रिदम को जन्म देता है। खर्राटे लेना बेसुरापन हैं। बहरहाल, हमारे देश की संकरी गलियों में विराट प्रतिभाएं जन्म लेती हैं। समान अवसरों का अभाव सभी क्षेत्रों में हम देख सकते हैं।