गायिका जाहिरा एलहाम की फतह / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
गायिका जाहिरा एलहाम की फतह
प्रकाशन तिथि : 11 अप्रैल 2019


अफगानिस्तान की जाहिरा एलहाम नामक किशोरी ने अमेरिकन आइडल के अफगानिस्तानी संस्करण में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करके दस लाख डॉलर का इनाम जीता है। अमेरिका की सेना अफगानिस्तान से अपने वतन वापस जा रही है और अवाम को शंका है कि इसी के साथ तालिबानी ताकतें अफगानिस्तान में पुनः सक्रिय होकर बेइंतहा जुल्म ढहाएंगी। जाहिरा एलहाम का कहना है कि हम तालिबानी तोपों का मुकाबला गीतों से करेंगे, क्योंकि माधुर्य ही हमारा एकमात्र संबल है गोयाकि गन बनाम गीत की जंग होगी। अफगानिस्तान में अमेरिका की सेना अपनी टूटी हुई बेकार तोपों को छोड़कर जा रही हैं। तोप के दहाने पर एक नन्ही चिड़िया ने अपना घोंसला बनाया है। वह नन्ही चिड़िया मुतमइन है कि तोप आग का गोला नहीं बरसाएगी।

फिरोज खान पहले भारतीय फिल्मकार थे, जिन्होंने 'गॉडफादर' से प्रेरणा लेकर 'धर्मात्मा' फिल्म बनाई थी। उस फिल्म के एक भाग में मुंबई अपराध सरगना के साहबजादे अफगानिस्तान जाकर वहां जन्मी एक युवती से इश्क करते हैं। वह बुज़कशी का खेल भी खेलता है। इस खेल में खिलाड़ी घोड़ों पर सवार होकर मैदान में एक मरी हुई भेड़ को उठाकर विरोधी के गोल में डालने का प्रयास करते हैं और भेड़ पर कब्जा रखने, एक-दूसरे से छीनने का प्रयास करते हैं। भेड़ प्राप्त करने के लिए हिंसा भी की जाती है। दरअसल, फिरोज खान के पहले एक अमेरिकी फिल्म में बुजकशी का दृश्य विश्वसनीयता से प्रस्तुत किया गया था। फिरोज खान की ईमानदारी की प्रशंसा करनी होगी कि उन्होंने गॉडफादर का अनुवाद धर्मात्मा किया परंतु आज के दौर में ऐसा नहीं किया जा सकता। 'आधी रात को मल्हार न गाना, वरना पकड़ लेगा पुलिस वाला'।

अफगानिस्तान में पहले रूस ने अपनी सेना भेजी और अपना शिकंजा मजबूत किया। कालांतर में रूस की सेना ने वापसी की तो अमेरिकी सेना ने प्रवेश किया। उत्तर दिशा में बने गेट से रूसी लौट रहे थे तो दक्षिण से अमेरिकी सेना प्रवेश कर रही थी। उस देश के अवाम ने लंबे समय तक किसी न किसी के द्वारा किए गए जुल्म सहे हैं। यह गौरतलब है कि जुल्म सहते-सहते अवाम भीतर ही भीतर अधिक मजबूत होता जाता है। यह कौन-सी भट्टी है, जिसमें फौलाद ढलता है। मनुष्य के भीतर ज्वालामुखी भी है और जलप्रपात भी है परंतु वर्तमान की फासिस्ट ताकतों ने इस ज्वालामुखी का रुख भीतर जलप्रपात की ओर कर दिया है। यह बड़ी दुर्घटना है। मनोरंजन जगत में ऐसी ही दुर्घटना बाहुबली ने रची है।

गौरतलब यह है कि अफगानिस्तान में ऐसा क्या है कि बड़ी ताकतें उस पर कब्जा जमाए रखना चाहती हैं। क्या उस धरती की अंतड़ियों में यूरेनियम का भंडार है? उस निरंतर झुलसते भूखंड पर सम्राट अशोक ने महात्मा बुद्ध की मूर्ति लगाई थी, जिसे तालिबानी ताकतों ने तोड़ दिया। उसके पहले की कहानी ऐसी है कि गांधार की राजकुमारी ने जन्मांध राजकुमार से विवाह का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया तो युद्ध होगा। विदुषी एवं संवेदनशील राजकुमारी गांधारी ने अपने अवाम को युद्ध से बचाने के लिए विवाह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया परंतु उसने अपना विरोध इस तरह अभिव्यक्त किया कि जन्मांध पति के साथ जीवन बिताते समय अपनी आंख पर भी पट्टी बांध ली। अंधे माता-पिता कभी अपनी संतान के साथ हुए अन्याय को देख ही नहीं पाए।

जाहिर एलहाम का गीत गाने के लिए किया गया संघर्ष कुछ हद तक आमिर खान की फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' से समानता रखता है। यह महान फिल्म दरअसल एक खामोश रहकर अत्याचार सहते हुए अपनी पुत्री को प्रतिभा मांजने का अवसर देने वाली मां की कहानी है। मां के प्रति आदरांजलि है। रवींद्रनाथ टैगोर की कथा 'काबुलीवाला' पर बंगाल एवं मुंबई में कई फिल्में बनी हैं। बादाम पिश्ता बेचने वाला एक नन्ही बच्ची को स्नेह करता है और उसे मेवे देता है। उसे एक अपराध में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है। अपनी सजा काटकर वह स्नेह की डोर से बंधा उस कन्या के घर जाता है। जब उसके विवाह उत्सव का समय है।

बहरहाल, यश चोपड़ा के प्रमुख सहायक रहे रमेश तलवार इप्टा से जुड़े हैं और रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने 'काबुलीवाला' कथा को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया कि उस कन्या का विवाह हो चुका है। वह एक डॉक्टर है और सुखी दाम्पत्य में लीन है। सरकारी घोषणा होती है कि भारत से कुछ डॉक्टर अफगानिस्तान जाकर घायलों का इलाज करेंगे। वह डॉक्टर वहां जाने के लिए राजी है। परिवार के सदस्य हैरान हैं कि यह सफल सुखी डॉक्टर युद्ध क्षेत्र में क्यों जाना चाहती है। वह स्पष्ट करती है कि उसके बचपन में एक काबुलीवाला उसे पुत्री की तरह स्नेह करता था। इसीलिए वह आहत अफगानिस्तान जाना चाहती है। संभव है कि उसी काबुलेवाले की संतान जख्मी हो। वह बचपन के स्नेह का कर्ज चुकाना चाहती है। रमेश तलवार के इस नाटक का सफल मंचन कई बार हो चुका है। यह भी विचारणीय है कि क्या व्यक्तित्व के निर्माण पर उस स्थान की भौगोलिक परिस्थितियों का प्रभाव पड़ता है? क्या विचार प्रक्रिया में पहाड़, जलप्रपात और रेगिस्तान शामिल हो जाते हैं। जिस यूरेनियम को पाने के लिए विश्व की दो शक्तियों ने दशकों तक वहां जुल्म तोड़े, उन्हें यूरेनियम नहीं मिला। यूरेनियम अवाम की विचार प्रक्रिया में होता है और अवचेतन तक कोई सेना पहुंच नहीं पाती।

जाहिर एलहाम का अमेरिकन आइडल प्रतियोगिता में विजय पाना कोई मामूली घटना नहीं है। उसका यह कहना कि गीत से गन का मुकाबला करेंगे, भी ऐसा राजनीतिक बयान है जैसा कोई भी देश के वर्तमान हुक्मरान नहीं दे सकते।

सचमुच एक नन्ही चिड़िया ने तोप के दहाने पर एक घोंसला बनाया है। एक अमेरिकी मनोरंजन फार्मेट में अफगानिस्तान की किशोरी जीती है। जागो डोनाल्ड ट्रम्प महोदय जागो।