प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस को बधाई / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस को बधाई
प्रकाशन तिथि : 30 जुलाई 2018


परदे पर प्रस्तुत प्रेम कहानियों पर यथार्थ में बने प्रेम और विवाह के रिश्तों का गहरा प्रभाव पड़ता है। प्रियंका चोपड़ा ने अपने अमेरिकी मित्र निक जोनस से विवाह का निर्णय किया तो उन्हें सलमान खान की फिल्म 'भारत' छोड़ने का फैसला लेना पड़ा। मुंबई की फिल्मिस्तान स्टूडियो में 'भारत' की शूटिंग चल रही है और इसी के साथ सलमान खान 'दस का दम' के आखिरी कुछ एपिसोड्स की शूटिंग भी कर रहे हैं। वे अगस्त के दूसरे सप्ताह में माल्टा जाएंगे, जहां चार सप्ताह तक 'भारत' की शूटिंग करेंगे। प्रियंका चोपड़ा की जगह किसी और को लेना होगा। कैटरीना कैफ या जैकलीन फर्नांडीज में किसी एक को लेना होगा परंतु उन्होंने किस फिल्म के लिए पहले ही कितना समय आरक्षित किया है- यह सब भी देखना होगा। यह भी संभव है कि प्रियंका चोपड़ा राकेश रोशन की 'कृष' भी छोड़ दें।

मेहबूब खान ने नरगिस और सुनील दत्त से कहा था कि वे अपने विवाह को गुप्त रखें, क्योंकि उनकी 'मदर इंडिया' में वे मां तथा पुत्र की भूमिकाएं कर रहे हैं और ऐसे में उनके विवाह की खबर फिल्म को बहुत नुकसान पहुंचा देगी। फिल्म की खातिर विवाह का सत्य कुछ माह तक छिपाया गया और संभवत: उसी दरमियान संजय उनके गर्भ में आया। क्या विवाह और मधुरात्रि को गुप्त रखने का कुछ प्रभाव संजय दत्त पर पड़ा? यह भी गौरतलब है कि निहायत ही काल्पनिक 'संजू' बायोपिक बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना रहा है परंतु संजय दत्त अभिनीत 'साहब, बीबी और गैंगस्टर 3' नामक फिल्म देखने के लिए दर्शक ही नहीं आए। एक और असफलता उनके बहीखाते में दर्ज हो गई। इस बहीखाते में शुभ-लाभ के पन्ने पर अधिक इबारतें दर्ज नहीं हो पाई है। सामूहिक अवचेतन एक अबूझ पहली बनी रहेगी।

एक दौर में खबरें आई थीं कि दिलीप कुमार ने अस्मां नामक युवती से विवाह कर लिया है परंतु दिलीप कुमार ने शपथ खाकर इस विवाह की खबर का खंडन किया। इस घटना के बाद अस्मां नामक महिला का कभी पता ही नहीं चल पाया। कुछ लोग ऐसे लापता हो जाते हैं मानो वे कभी जन्मे ही नहीं थे। राजेन्द्र कुमार और सायरा बानो के इश्क के चर्चे हर जुबां पर थे और सायरा के जन्म-दिन की दावत पर किसी घोषणा की खबर थी परंतु दावत में राजेन्द्र कुमार अपनी पत्नी सहित पहुंचे। सायरा बानो की मां नसीम बानो अपने जमाने में शिखर सितारा और सौंदर्य साम्राज्ञी रही थीं। उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसी दावत में दिलीप कुमार व सायरा बानो के निकाह की घोषणा कर दी। हर चीज को अपने नियंत्रण में लेने वाले दिलीप कुमार इस घटनाक्रम में लाचार नज़र आए और उन्होंने प्रवाह के साथ बहने का निर्णय किया। आज वे नब्बे पार हैं और उनसे 22 वर्ष छोटी उनकी बेगम सायरा उन्हें प्राय: अस्पताल में भर्ती कराती हैं। उनकी याददाश्त जवाब दे चुकी है। क्या नीम बेहोशी में कभी उनके मुंह से मधुबाला का नाम निकलता होगा। पहली मोहब्बत की जड़ें बहुत गहरी होती हैं।

बहरहाल, 'भारत' में कैटरीना कैफ के अवसर अधिक हैं। कोरिया में बनी एक फिल्म के अधिकार खरीदकर 'भारत' बनाई जा रही है, जिसमें नायक की यात्रा अपने 19वें से 92वें वर्ष तक फैली हुई है। प्रोस्थेटिक मेकअप के विशेषज्ञ विदेश से आ रहे हैं। उनसे आरक्षित समय में परिवर्तन करना कठिन होगा। अत: तकनीशियन का महत्व इस तरह की फिल्मों में सितारों से अधिक होता है। प्रोस्थेटिक मेकअप करने में समय लगता है और कर लेने के बाद कलाकार केवल स्ट्रॉ से जूस पी सकता है। उसे मुंह अधिक खोलने की इजाजत नहीं होती, क्योंकि मेकअप बिगड़ सकता है। कैटरीना कैफ खान परिवार की घर की मुर्गी है, जिसे दाल बराबर समझा जाता है परंतु उनका अनुशासन और परिश्रम काबिल-ए-तारीफ है। वे प्रोस्थेटिक मेकअप की पीड़ा आसानी से झेल सकती है। यह भी संभव है कि सलमान नई तारीका प्रस्तुत करें। उन्हेें गॉडफादर बनना बेहद पसंद है।

कोरिया छोटा-सा देश है परंतु वहां बनी फिल्में सभी जगह सराही जा रही हैं। इस समय ईरान और कोरिया में बनी फिल्में सिने विश्व के केंद्र में हैं। उत्तर कोरिया ने तो अमेरिका को भी सिरदर्द दे दिया है। किसी भी देश का असली परिचय उसके पहाड़, नदियां या रेगिस्तान नहीं होते बल्कि वहां की नैतिकता होती है। हमारे नैतिक मूल्यों के पतन की चिंता किसी को नहीं है। हमारे आख्यानों में गंधर्व विवाह की परम्परा है। दुष्यंत शकुंतला ने ऐसा ही विवाह किया था। भीम और हिडिम्बा का विवाह गुुप्त तो नहीं था पर हिडिम्बा कभी हस्तिनापुर या इंद्रप्रस्थ नहीं आई। उसके पुत्र घटोत्कच ने अर्जुन के प्राण बचाए। हमारे आख्यानों में नियोग द्वारा संतान प्राप्त करने का प्रावधान है। वेदव्यास ने महाभारत रची है और वे स्वयं इसके महत्वपूर्ण पात्र भी हैं। इस प्रकरण में यह आवश्यक है कि प्रियंका चोपड़ा के लिए लंबे वैवाहिक जीवन की दुआ दी जाए। उन्होंने शिखर पर होते हुए विवाह का निर्णय लिया है।