फरहान अख्तर बॉक्सर भूमिका में / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
फरहान अख्तर बॉक्सर भूमिका में
प्रकाशन तिथि : 21 दिसम्बर 2019


फरहान अख्तर विगत आठ माह से एक बॉक्सर की भूमिका के निर्वाह के लिए निरंतर कसरत कर रहे हैं। राकेश ओमप्रकाश मेहरा की 'भाग मिल्खा भाग' के बाद यह उनकी दूसरी फिल्म है। विदेशों में बॉक्सिंग अत्यंत लोकप्रिय है और लाखों डॉलर के पुरस्कार के लिए खेल खेला जाता है। मोहम्मद अली कैसियस क्ले अपने जीवनकाल में ही लीजेंड बन गए थे। उस दौर में फिल्मकार प्रकाश मेहरा अपने प्रिय सितारे के साथ कैसियस क्ले को भी अनुबंधित करना चाहते थे। बड़ी जद्दोजहद के बाद उन्हें प्रातः 10 बजे मिलने का समय मिला। प्रकाश मेहरा और सुपर सितारा ठीक 10 बजे कैसियस क्ले के बंगले के गेट पर पहुंच गए। सुरक्षा कर्मचारी ने कहा कि वे 10 मिनट देरी से आए हैं, क्योंकि मुख्य द्वार से बंगले तक पहुंचने में 10 मिनट का समय लगेगा। कैसियस क्ले का बंगला परिसर कई एकड़ में फैला हुआ था। बहरहाल, यह मुलाकात हुई। कैसियस क्ले ने बताया कि 1 घंटे काम का उनका मेहनताना कितना है। यह मेहनताना प्रकाश मेहरा की दो फिल्मों के संपूर्ण बजट के बराबर था। अत: बात नहीं बनी। राकेश ओमप्रकाश मेहरा और फरहान अख्तर की बॉक्सिंग पृष्ठभूमि पर बन रही फिल्म संभवत: उपन्यास 'ए स्टोन फॉर डैनीफिशर' से प्रेरित है। अंग्रेजी भाषा में बॉक्सिंग पृष्ठभूमि पर बहुत किताबें लिखी गई हैं और फिल्में भी बनी हैं। फिल्मों में हमेशा नायक को पहले पिटता हुआ दिखाया जाता है और बाद में वह खलनायक की कुटाई करता है। प्रायः नायक अपने मुंह से निकलते हुए खून को देखकर फिर दोहरे जोश से खलनायक की पिटाई करता है। इसी तरह फिल्मों में नृत्य प्रस्तुतीकरण में गांव की तमाम बालिकाएं समान कपड़े पहनकर थिरकने लगती हैं, गोयाकि वहां कोई ड्रेस कोड लगाया गया हो।

फरहान अख्तर ने 'भाग मिल्खा भाग' के लिए भी बड़ी मेहनत की थी। वह कम फिल्मों में ही अभिनय करता है। बतौर फिल्मकार भी उसने लंबे समय से कोई फिल्म नहीं बनाई है। उसकी बहन जोया अख्तर की रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'गली बॉय' ऑस्कर प्रतियोगिता से पहले राउंड में ही बाहर कर दी गई। भारतीय फिल्म उद्योग और सरकार को एक दफ्तर कायम करना चाहिए जो भारतीय फिल्म की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से ऑस्कर के वोटर को परिचित करा सके। भारत की मैरीकॉम के जीवन से प्रेरित फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने अविश्वसनीय अभिनय किया था। फिल्म की तैयारी में प्रियंका चोपड़ा को महीनों परिश्रम करना पड़ा। मैरीकॉम ने जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद भी बॉक्सिंग प्रतियोगिता जीती है।

मैरीकॉम जिस क्षेत्र से आई हैं, उस क्षेत्र में भी नागरिकता रजिस्टर का विरोध किया जा रहा है। छात्र आंदोलन के मामले में सरकार को उस माचिस की तलाश है, जिसने यह आग भड़काई। सरकार इस बात को नहीं जानती कि कभी एक चट्टान से एक टुकड़ा नीचे पत्थर पर गिरता है तो भी एक चिंगारी पैदा होती है। यह आंदोलन स्वत: स्फूर्त है और पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष भी। यह कम्बख्त धर्मनिरपेक्षता ऐसी मजबूत और स्वाभाविक है कि मिटाए नहीं मिट रही है। मिर्जा गालिब का शेर 'यह लगाए न लगे, बनाए न बने की तरह' ही यह आग पूरे देश में फैल रही है। बंगलुरु में पुलिस की गोली से दो लोगों की मौत हो गई। वहां कर्फ्यू लगा दिया गया है। सॉफ्टवेयर की कैपिटल में लंबे समय तक कर्फ्यू लगने से पूरे देश के कंप्यूटर निष्क्रिय हो सकते हैं। उद्योग लगभग ठप हो गए हैं और छात्र आंदोलन को दबाने के लिए किए गए प्रयास भी गिरती हुई अर्थव्यवस्था को बदतर बना सकते हैं। कश्मीर में लगभग पांच माह से लाखों फौजी तैनात हैं। अब छात्र आंदोलन को रोकने के लिए भी सेना लगाई जा सकती है। चीन के फ्रंट से सेना कम किया जाना घातक सिद्ध हो सकता है।