लिव इन रिलेशनशिप / एस. मनोज

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ए जी सुनते हैं?

हाँ, कहो ना, क्या बात है?

क्या आप लिव इन रिलेशनशिप के बारे में जानते हैं?

हाँ, कुछ-कुछ तो जानता हूँ। क्यों, क्या बात है?

क्या होता है लिव इन रिलेशनशिप?

यह युवक युवती के बीच एक प्रकार का सम्बंध होता है, जिसमें दोनों आपसी सहमति से पति पत्नी के रूप में रहते हैं, किंतु पति पत्नी होते नहीं हैं।

तो वे दोनों बिना शादी ब्याह के ही पति पत्नी के रूप में रहते हैं।

हाँ।

तो वे इस प्रकार से क्यों रहते हैं?

ताकि दोनों एक दूसरे को ठीक से समझ पाएँ और फिर सहमति बने तो शादी ब्याह भी कर लें।

तब तो वे दो दोनों आपस में खुलकर बात करते होंगे।

हाँ, बिल्कुल स्पष्ट एवं स्वतंत्र भावाभिव्यक्ति। धनवंती कुछ देर चुप रहकर सोचती रही और फिर बोली-क्या हम और आप भी कुछ दिन तक लिव इन रिलेशनशिप में रहेंगे?

क्यों, जब हम लोग पहले से ही पति पत्नी के रूप में हैं तो फिर लिव इन रिलेशनशिप के रूप में क्यों?

स्पष्ट और स्वतंत्र भावाभिव्यक्ति के लिए!