शाहरुख़ की लोकप्रियता का कवच और बंद गली / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
शाहरुख़ की लोकप्रियता का कवच और बंद गली
प्रकाशन तिथि :04 नवम्बर 2015


अपने जन्मदिन के अवसर पर शाहरुख खान ने मीडिया से खुलकर बात की और विवादास्पद पर भी बोले। मसलन, उन्होंने कहा कि मांसाहार के अाधार पर किसी का धर्म तय नहीं किया जा सकता। 1991 के एक सर्वे के अनुसार भारत में 88 फीसदी मांसाहारी हैं। हिंदुओं में क्षत्रिय, राजपूत जन-वासी और अनुसूचित जातियों में अधिकांश मांसाहारी हैं। शाहरुख खान ने कहा कि उनके पिता स्वतंत्रता संग्राम में शामिल थे और उन्हें अपने को भारतीय सिद्ध करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उनकी अनेक बातों में यह गौरतलब है उनकी एक बात का यह आशय है कि उनकी अवाम में लोकप्रियता ही उनका सुरक्षा-कवच है गोयाकि उन्हें नुकसान पहुंचाने या कत्ल करने पर उनके प्रशंसक उनके कातिल को वोट नहीं देंगे।

दरअसल, लोकप्रियता के कवच का विचार अभिनव है। दशकों पूर्व क्रिकेट चयन समिति की घिनौनी राजनीति ने मुश्ताक साहब को कोलकाता टेस्ट से बाहर रखा। हजारों प्रशंसक सड़कों पर आ गए और उन्होंने नारा लगाया, 'नो मुश्ताक साहब, नो क्रिकेट।' इस जन-आंदोलन के कारण उन्हें टीम में लिया गया। अगर हम शाहरुख की बात को आगे फैलाएं तो यह अर्थ होगा कि सभी लोकप्रिय सितारे एक मंंच पर आकर देश को नई दिशा दे सकते हैं। प्रश्न यह है कि क्या लोकप्रियता सचमुच में सुरक्षा कवच है। जॉन एफ. कैनेडी अत्यंत लोकप्रिय राष्ट्राध्यक्ष थे परंतु वियतनाम से अमेरिकी सेना की वापसी का उनका इरादा हथियार बनाने वालों को घातक लगा और उनका कत्ल हो गया। दुनिया के अनेक देशों में लोकप्रिय नेताओं के कत्ल हुए हैं। अब्राहम लिंकन भी कत्ल हुए थे। इससे जुड़ा प्रश्न यह है कि क्या कोई सुरक्षा कवच होता है? परमज्ञानी वेदव्यास ने संकेत किया है कि सुरक्षा कवच मिथ है। उन्होंने इसे अपनी विलक्षण शैली में इस तरह किया कि कर्ण को जन्म पर उसके पिता सूर्यदेव कवच देते हैं परंतु दानवीर कर्ण से एक याचक उनका सुरक्षा कवच मांग लेता है। दरअसल, वैदिक महाकाव्यों की रचना का मूल उद्देश्य रहा है कथा के माध्यम से नैतिकता का पाठ पढ़ाना। कर्ण के कवच प्रकरण का अर्थ ही यह है कि यह धारणा ही मिथक है, क्योंकि मृत्यु अवश्यंभावी है।

नेतागिरी में साहस और नेता की लोकप्रियता मेढ़कों को तोलने की तरह है। यह कब आती-जाती है, यह पता ही नहीं चलता। ज्ञानरंजन की वैज्ञानिक विकास के लिए प्रस्तुत प्रगतिशील रचनाओं की अनिवार्य पत्रिका 'पहल' के ताजा अंक में प्रख्यात कथाकार मनोज रूपड़ा का सिनेमा पर गहरा लेख, 'कहानी की काया और फिल्म की छाया' प्रकाशित हुआ है। इस लेख में उन्होंने लघु फिल्म 'द अदर साइड' का विवरण शॉट दर शॉट प्रस्तुत किया है। उसका सार यह है कि एक गली में अनेक डरे हुए लोग दीवार की ओर मुंह किए, हाथ उठाए खड़े हैं परंतु किसी का स्पर्श होता है। अज्ञात जगह से गोली चलती है और स्पर्श करने वाला मर जाता है। किसी भी तरह के मानवीय स्पर्श और वार्तालाप की अनुमति नहीं है। एक निडर आदमी कतार छोड़कर गली से बाहर आने का प्रयास करता है, उसके इस साहस से प्रेरित अन्य लोग भी साथ चलने लगते हैं। इनमें से कुछ विचलित एवं अत्यंत डरे हुए लगते हैं। अज्ञात जगह से गोलियां चलती हैं, गली लाशों से पट गई है परंतु निडर लोग आगे बढ़ते रहते हैं। सभी को लगता है कि आदेशानुसार दीवार पर हाथ उठाए चलने पर भी मृत्यु तय है, तो साहस किया जाए। सारे वातावरण में प्रेम, जान-पहचान, स्पर्श, स्पंदन, सहानुभूति, सहिष्णुता मानवीय सरोकार और निजी अभिव्यक्ति की आज्ञा नहीं है। इसके साथ सांस्कृतिक विविधता भी उस अदृश्य संहारकर्ता के निशाने पर है, जो 'अदर साइड' है। जब यह भीड़ गली के मुहाने तक आती है तो संहारकर्ता मशीनगन का इस्तेमाल करता है और विरोध प्रारंभ करने वाले के मारे जाते ही सब लोग फिर से दीवारों की ओर मुंह किए हाथ उठाए खड़े हो जाते हैं। सात मिनिट की फिल्म के अंत में केवल 1961 लिखा दिखाई देता है। यह किस देश की बंद गली है, मरने वाले और मारने वाले की कोई पहचान नहीं परंतु बात स्पष्ट है। 1961 में निजी स्वतंत्रता के महत्व की बात सामने आई थी कि शासन पूंजीवादी हो या साम्यवादी निजी स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है और मानवता का मूल अधिकार है।

"प्रोमिथियस अनबाउंड' से प्रेरित धर्मवीर भारती की प्मथ्यु गाथा में भी आमजन के लिए ईश्वर के यहां से ज्ञान लाने वाले को यह दंड दिया जाता है कि वह चौराहे पर बांधा गया है और एक गिद्ध उसके कंधे पर बैठा उसका हृदय दिन में खाता है। अगली सुबह नए हृदय के साथ भी यही होता है। जिस आमजन के लिए प्रमथ्यु ने ज्ञान लाने का काम किया था,वही आमजन प्रमथ्यु के चारों ओर तमाशबीन की तरह खड़े हैं। अपने हृदय पिंड के खाए जाने से अधिक दु:ख प्रमथ्यु को आमजन के तमाशबीन होने का है। शाहरुख खान लोकप्रियता के कवच पर पुन: सोचें और सारे लोग जान लें कि अदर साइड वाली बंद गली सभी देशों में होती है।