स्वागत समारोह में प्रेम त्रिकोण! / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
स्वागत समारोह में प्रेम त्रिकोण!
प्रकाशन तिथि : 29 अक्टूबर 2018


खबर है कि रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण 14 नवंबर को शादी करने जा रहे हैं। इसी के साथ यह खबर भी आई है कि आलिया भट्ट रणबीर कपूर से मिलने अमेरिका गई हैं। जहां ऋषि कपूर का इलाज चल रहा है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की अंतरंगता कुछ समय से सुर्खियों में है। ज्ञातव्य है कि एक दौर में दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर के प्रेम के चर्चे हर जबान पर थे। 26 अक्टूबर को टेलीविजन पर दिखाए गए कार्यक्रम में दीपिका पादुकोण और आलिया का बहनापा प्रदर्शित हो रहा था और दोनों ने मिलकर वह गीत गाया, जिसे एक फिल्म में रणवीर कपूर पर फिल्माया गया था। अमितभ भट्‌टाचार्य का लिखा गीत कुछ इस तरह था, 'अच्छा चलता हूँ, दुआओं में याद रखना, मेरे जिक्र का जुबां पे स्वाद रखना' दिल के संदूकों में, मेरे अच्छे काम रखना चिट्ठी तारों में भी मेरा तू सलाम रखना।

इस प्रेम त्रिकोण का प्रारंभ हुआ संजय लीला भंसाली की फिल्म से। रणबीर कपूर भंसाली के सहायक निर्देशक थे। भंसाली ने रणबीर कपूर और सोनम कपूर अभिनीत 'सांवरिया' का निर्माण किया जो फ्योदोर दोस्तोयव्स्की की रचना 'व्हाइट नाइट्स' से प्रेरित थी। ज्ञातव्य है कि इसी रचना से प्रेरित फिल्म 'छलिया' मनमोहन देसाई ने राज कपूर और नूतन के साथ बनाई थी। मनमोहन देसाई ने इस रूसी कथा का भारतीयकरण इस तरह से किया मानो यह भारतीय जमीन से उपजी कथा हो, जबकि भंसाली की 'सांवरिया' में यह समझ में नहीं आता है कि घटनाक्रम किस देश में हो रहा है और यह कौन-सा कालखंड है। 'सांवरिया' का मुख्य सेट कुछ ऐसा था कि एक नगर में सारा आवागमन नहरों के द्वारा होता है। एक इमारत पर 'आरके' शब्द नियोन लाइट्स से अंकित थे। दरअसल, यह सेट 'फैंटम ऑपेरा' नामक फ्रांस में बनी फिल्म की हूबहू नकल था। 'सांवरिया' के निर्माण के समय भंसाली के व्यवहार से रणबीर कपूर दुखी थे। सनकीपन सहना आसान भी नहीं होता। इस कारण 'सांवरिया' के बाद बनाई जाने वाली फिल्म में अभिनय करने से रणबीर कपूर ने इनकार कर दिया। भंसाली ने रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के साथ फिल्म बनाई। अगर रणबीर कपूर ने इनकार नहीं किया होता तो रणवीर सिंह और दीपिका साथ-साथ फिल्म नहीं कर पाते और शायद उनके बीच प्रेम भी नहीं हो पाता। गोयाकि रणबीर कपूर द्वारा छोड़ी गई फिल्म और अस्वीकार किया गया प्रेम सभी उनके हिस्से में आ गया। किसी अनुभवी ने कहा है कि शादियां धरती पर होती हैं परंतु रिश्ते ईश्वर रचता है। यह रिश्ता दूर विगत में इस तरह जाता है कि रणवीर सिंह की दादी ने राज कपूर की 'बूट पॉलिश' में महत्वपूर्ण भूमिका अभिनीत की थी। वे रणवीर सिंह की नानी भी हो सकती है परंतु यह तय है कि उनका रिश्ता था। स्मृति में धुंध है परंतु दादी या नानी या एक रिश्ता अवश्य था। पृथ्वी की तरह रिश्ते भी घूमते रहते हैं।

आलिया भट्ट महेश भट्ट की संतान हैंं। इस तरह रणबीर कपूर और आलिया भट्ट दोनों के ही परिवार पीढ़ियों से फिल्म जगत से जुड़े हुए हैं, जबकि दीपिका पादुकोण बैडमिंटन के महान खिलाड़ी की सुपुत्री हैं और अभिनय क्षेत्र में वे शाहरुख के साथ 'ओम शांति ओम' नामक फिल्म से आई थीं। फरहा खान द्वारा निर्देशित 'ओम शांति ओम' पुनर्जन्म अ‌वधारणा आधारित बिमल रॉय की फिल्म 'मधुमति' का घटिया चरबा मात्र थी। ज्ञातव्य है कि 'मधुमति' की कथा ऋत्विक घटक ने लिखी थी। बहरहाल, 'ओम शांति ओम' और भंसाली की 'सांवरिया' का प्रदर्शन दीपावली पर्व के समय हो रहा था और दोनों फिल्मों के प्रचार विभाग ने युद्ध जैसा समां बांध दिया था परंतु दीपिका पादुकोण और विरोधी फिल्म 'सांवरिया' के नायक रणबीर कपूर एक साथ दावतों में जा रहे थे, उनका मधुर रिश्ता पनप रहा था। उनका इस तरह साथ-साथ घूमना फिल्मकार भंसाली को अवश्य ही नापसंद आ रहा होगा परंतु प्रेम में आकंठ आलीन युवा इन बातों की फिक्र नहीं करते। यह रिश्ता परवान नहीं चढ़ पाया, जिसकी वजह केवल वे दोनों जानते हैं और उन्होंने इस विषय में कोई बयान नहीं दिया है।

क्या दीपिका और रणवीर सिंह के विवाह समारोह में रणबीर कपूर निमंत्रित किए जाएंगे? बहरहाल, रणबीर कपूर इस समय अमेरिका में अपने बीमार पिता की तीमारदारी में जुटे हैं और दीपिका के विवाह के समय भारत में होने की संभावना कम है। अगर इस तरह का अवसर बनता भी है तो रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण अभिनय कला में निष्णात हैं। वे मित्रता बखूबी अभिनीत कर सकते हैं। रणवीर सिंह के लिए दीपिका पादुकोण उस ट्रॉफी की तरह है, जो फिल्म के रजत जयंती समारोह में वितरित की जाती है।