‘हुं तने प्रेम करूं छु’ / जयप्रकाश चौकसे

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
‘हुं तने प्रेम करूं छु’
प्रकाशन तिथि : 14 फरवरी 2020


आनंद एल राय की फिल्म ‘हैप्पी भाग जाएगी’ के एक दृश्य में इस आशय का संवाद है कि मधुबाला से युवा को प्रेम है और उसके अब्बा को भी मधुबाला से प्रेम रहा है, परंतु सवाल यह है कि मधुबाला किसे प्रेम करती थी? मधुबाला को चाहने वालों की फेहरिस्त बड़ी लंबी है- नागरिकों के रजिस्टर की तरह। मधुबाला को दिलीप कुमार से प्रेम था और मधुबाला के लालची पिता अताउल्लाह खान भी यह तथ्य जानते थे। खान साहब ने दिलीप कुमार से कहा कि वे एक शर्त पर इस निकाह की इजाजत दे सकते हैं कि शादी के बाद वे दोनों केवल अताउल्लाह खान द्वारा बनाई जाने वाली फिल्मों में अभिनय करेंगे। दिलीप कुमार अपने काम में सौदा नहीं कर सकते थे।

दिलीप साहब कान के कच्चे थे। उन्हें प्रेमनाथ ने यह कहा कि मधुबाला उनसे प्रेम करती है। शक का इलाज तो हकीम लुकमान अली के पास भी नहीं था। यह प्रेम कहानी पनपी नहीं। मधुबाला, दिलीप कुमार को कभी भूल नहीं पाईं। ‘अरेबियन नाइट्स’ नामक अपने बंगले के तल मंजिल पर उन्होंने एक छोटा सिनेमाघर बनाया था। मधुबाला प्रायः मुग़ल-ए-आज़म में अनारकली और सलीम के प्रेम दृश्य वाली रीलें देखती थीं। दिलीप कुमार संजीदा भूमिकाएं करते थे और अपने निजी जीवन में प्राय : खामोश रहना ही पसंद करते थे। जीवन के कैरम बोर्ड में दिलीपिया संजीदगी की रीप से टकराकर क्वीन मधुबाला किशोर कुमार के पॉकेट में जा गिरी। विगत कई वर्षों से दिलीप कुमार अपनी याददाश्त खो चुके हैं। इस आलम में यह मुमकिन है कि किसी दिन वे अपनी बेगम सायरा बानो को मधुबाला कहकर पुकारें। ज्ञातव्य है कि मधुबाला का जन्म 14 फरवरी 1933 को हुआ था।

राज कपूर और नरगिस की प्रेम कहानी ‘बरसात’ से शुरू हुई। ‘बरसात’ के एक दृश्य में राज कपूर की एक बांह में वायलिन तो दूसरी बांह में नरगिस हैं। गोयाकि संगीत और सौंदर्य से उनका जीवन राेशन है। इस दृश्य का स्थिर चित्र उनकी फिल्मों की पहचान बन गया। आर.के. स्टूडियो में यही पहचान कायम रखी। राज कपूर और नरगिस की प्रेम कहानी दसों दिशाओं में गूंजती रही। अशोक कुमार और नलिनी जयवंत ने कुछ प्रेम कहानियों में अभिनय किया। अशोक और नलिनी दोनों चेंबूर में रहते थे। अभिनय छोड़ने के बाद कभी-कभी नलिनी, अशोक के चौकीदार से अशोक कुमार की सेहत की जानकारी लेती थीं। कभी-कभी एक टिफिन भी दे जाती थीं। भोजन की टेबल पर व्यंजन देखकर अशोक कुमार जान लेते थे कि कौन सा पकवान नलिनी के घर से आया है।

बोनी कपूर अपनी बड़े बजट की फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में शिखर सितारा श्रीदेवी को अनुबंधित करना चाहते थे। चेन्नई जाकर उन्होंने श्रीदेवी की मां से संपर्क किया कि वे पटकथा सुन लें। उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया। हर रोज रात में बोनी कपूर श्रीदेवी के बंगले के चक्कर काटते थे। यह संभव है कि उसी समय श्रीदेवी भी नींद नहीं आने के कारण घर में चहलकदमी करती हों। वर्तमान समय में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की प्रेम कहानी सुर्खियों में है। खबर है कि नीतू कपूर ने इस रिश्ते को पसंद किया है। ऋषि कपूर के पूरी तरह सेहतमंद होते ही शहनाई बजेगी। यह भी संभव है कि अयान मुखर्जी की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के प्रदर्शन के समय विवाह संपन्न हो। फिल्म उद्योग में कलाकार एक-दूसरे के साथ बहुत समय रहते हैं। आउटडोर शूटिंग भी विदेशों में की जाती है। अतः कलाकार में प्रेम का रिश्ता अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक बन जाता है।

भूल सुधार: 13 फरवरी को प्रकाशित गुड़-गुलगुले लेख में पहले पैराग्राफ को यूं पढ़ा जाना चाहिए कि- स्मृति ईरानी को फिल्म थप्पड़ की थीम पसंद है, लेकिन फिल्मकार के राजनीतिक विचारों को नापसंद करती हैं।