श्याम बेनेगल / व्यक्तिश: / नैनसुख / सुशोभित

Gadya Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
श्याम बेनेगल
सुशोभित


अनेक विश्लेषकों का मत है कि सत्यजित राय के बाद भारतीय सिनेमा में सबसे महत्वपूर्ण निर्देशक श्याम बेनेगल हैं। ऋत्विक घटक, मृणाल सेन, गिरीश कासरवल्ली, अडूर गोपालकृष्णन्, मणि कौल, बुद्धदेब दासगुप्ता आदि की विराट उपस्थिति के बावजूद इससे असहमत होने का कोई उपाय नहीं दिखता। और ऐसा केवल इसलिए नहीं कि श्याम बेनेगल ने बहुत अच्छा सिनेमा बनाया है, बल्कि इसलिए भी कि 1970 और 1980 के दशक में एक अत्यंत महत्वपूर्ण फ़िल्म आन्दोलन के वह अगुआ, उसकी केन्द्रीय उपस्थिति थे। 'श्याम बेनेगल एज़ ए फ़िल्ममेकर' से अधिक 'श्याम बेनेगल एज़ एन इंस्टिट्यूट' हिन्दी सिनेमा के इतिहास की एक महत्त्वपूर्ण परिघटना पिछले चालीसेक सालों में रही है।

अलबत्ता 'भुवन शोम', 'उसकी रोटी', 'सारा आकाश', 'मायादर्पण' आदि फ़िल्में पहले ही आ चुकी थीं, लेकिन हिन्दी में समान्तर सिनेमा आन्दोलन की विधिवत शुरुआत 'अंकुर' से ही मानी जाती है। ऐसा इसलिए क्योंकि स्वतंत्र फ़िल्म निर्माण के नए प्रतिमान तब बेनेगल ने स्थापित किए थे। 70 के दशक तक यह स्थिति थी कि अगर कोई निर्देशक मुख्यधारा के सिनेमा से अलग 'कला फ़िल्में' बनाना चाहता था तो उसे फ़िल्म फ़ाइनेंस कॉर्पोरेशन (एफ़.एफ़.सी. और बाद में एन.एफ़.डी.सी.) से वित्तीय मदद लेनी पड़ती थी। लेकिन चूँकि ये गवर्नमेंट बॉडीज़ थीं, लिहाजा सरकारी दख़ल उनमें अवश्यम्भावी रूप से बना रहता था। बेनेगल ने इस परिपाटी को तोड़ा और ब्लेज़ इंटरप्राइज़ेस नामक एजेंसी को भरोसे में लेकर उसके साथ नाममात्र के बजट पर ‘अंकुर', 'निशान्त' और 'भूमिका' बनाई। फिर, आंध्र प्रदेश के अपने मित्रों की मदद से 'कोंडुरा' बनाई। को-ऑपरेटिव संस्थाओं की मदद से 'आरोहण', 'सुसमन' और 'अन्तर्नाद' बनाई। दूरदर्शन के लिए 53 घंटे का महाआख्यान 'भारत एक खोज' बनाया।

लेकिन सबसे नायाब उदाहरण 'मंथन' का है। इस फ़िल्म के निर्माता गुजरात के पाँच लाख से भी अधिक ग्रामीण थे। गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फ़ेडरेशन के इन ग्रामीण सदस्यों में से प्रत्येक ने दो रुपये दिए और इस तरह दस लाख के बजट से यह सुंदर फ़िल्म बनाई गई। सिनेमा के इतिहास में इस तरह से कोई फ़िल्म बनाने की मिसाल आपको दूसरी नहीं मिलेगी। हालाँकि कालान्तर में बेनेगल को शशि कपूर जैसे लोकप्रिय सितारे का साथ मिला, जिन्होंने निर्माता-अभिनेता के रूप में बेनेगल के साथ दो फ़िल्में बनाईं- 'जुनून' और 'कलयुग'।

नसीरुद्दीन शाह को श्याम बेनेगल ने ही सबसे पहले 'निशान्त' में अवसर दिया। स्मिता, शबाना, ओम पुरी, अनंत नाग, कुलभूषण खरबंदा- ये सभी बेनेगल की ही खोज हैं। गोविंद निहलानी उनके सिनेमैटोग्राफ़र थे, कल्पना लाजमी उनकी सहायिका थीं। वनराज भाटिया, प्रीति सागर, शमा ज़ैदी, मोहन अगाशे... बेनेगल स्कूल से निकले नामों की शृंखला जैसे अन्तहीन है।

श्याम बेनेगल के सिनेमा में हम समाज के विभिन्न स्तरों पर उपस्थित शक्ति-संरचनाओं को परस्पर संघर्ष में देखते हैं। बाज़ दफ़े ये टकराव अन्तर्संघर्ष और आत्म-विघटन की स्थिति तक पहुँच जाते हैं। उनकी फ़िल्मों में क्रांतियों और विप्लवों के बीज फूटते हैं और वे विफल भी होती हैं। सामाजिक व्यतिक्रम वहाँ हमेशा स्वयं को प्रश्नांकित और रेखांकित पाता है। उन्हीं के बीच में प्रेम और चाहना की कहानियाँ विकसती हैं। शोषण और दुराव के नए प्रतिरूप सामने आते हैं। भारतीय समाज के मनोगत इतिहास की डटकर पड़ताल बेनेगल ने अपने सिनेमा में की है।

सिनेमा की जैसी प्रगल्भ भाषा और अभिव्यक्ति की मितव्ययिता के साथ एक अर्थपूर्ण कहानी सुनाने की जो कसावट श्याम बेनेगल के पास है, हमारे यहाँ समान्तर सिनेमा में भी वैसी कम ही के पास मिलती है। यह अकारण नहीं है कि समान्तर सिनेमा में भी सबसे लोकप्रिय फ़िल्मकार वही रहे हैं और उनकी अनेक फ़िल्मों ने अच्छा व्यवसाय भी किया है। दर्शकों की रुचियों को परिष्कृत करते हुए उनका मनोरंजन करना, उन्हें सोचने को विवश करना और एक दृष्टिकोण देना- यह श्याम बेनेगल की ख़ास पहचान है।